सुकमा में गौमाताओं की सुरक्षा के लिए रेडियम बेल्ट अभियान की शुरुआत

सुकमा में गौमाताओं की सुरक्षा के लिए रेडियम बेल्ट अभियान की शुरुआत
रिपोर्टर, बालक राम यादव
सुकमा। जिले के मुख्यालय में सड़क पर बैठने वाली गौमाताओं की सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई। गौ रक्षकों एवं गौसेवकों द्वारा सड़क पर विचरण करने वाली गौमाताओं के गले में रेडियम बेल्ट पहनाने का अभियान प्रारंभ किया गया, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को दूर से ही पशु दिखाई दें और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
इस सेवा अभियान का शुभारंभ आदरणीय पुलिस अधीक्षक महोदय, डीएसपी महोदय, भौमा भैया, संदीप सर, उपसंचालक श्रीमती भुवनेश्वरी यादव, तथा विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष अनिल टावरी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। सभी अतिथियों ने गौमाताओं के गले में रेडियम बेल्ट पहनाकर अभियान का शुभारंभ किया और इसे सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी प्रयास बताया।
गौसेवकों ने बताया कि जिले भर में सड़क किनारे एवं मुख्य मार्गों पर बैठने वाली गौमाताओं के गले में चरणबद्ध तरीके से रेडियम बेल्ट पहनाई जाएगी। रात के समय इन बेल्टों की चमक के कारण वाहन चालकों को पशु पहले से दिखाई देंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। इस अभियान में ट्रैफिक सैनिक भी सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे और अधिक से अधिक गौमाताओं तक रेडियम बेल्ट पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
अभियान से जुड़े गौसेवकों ने इस जनहित एवं गौसेवा के कार्य के लिए जिला कलेक्टर के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कलेक्टर द्वारा रेडियम बेल्ट की व्यवस्था कराए जाने से इस महत्वपूर्ण अभियान को नई गति मिली है और गौमाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
गौसेवकों ने जिलेवासियों से भी अपील की कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा इस अभियान में सहयोग देकर गौमाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपनी भागीदारी निभाएं।




