छत्तीसगढ़

सुकमा में नक्सलियों का बड़ा डम्प बरामद, 23 हथियार, 492 जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त

सुकमा में नक्सलियों का बड़ा डम्प बरामद, 23 हथियार, 492 जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त

सुकमा। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना भेज्जी क्षेत्र के ग्राम भण्डारपदर एवं मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का एक बड़ा डम्प बरामद किया गया। डम्प से ऑटोमैटिक हथियार, सैकड़ों जिंदा कारतूस, बीजीएल लांचर, हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन स्टिक, गन पाउडर सहित बड़ी मात्रा में नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस के आधार पर की गई। 24 अगस्त 2026 को जिला बल, डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने थाना भेज्जी क्षेत्र के जंगलों में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान ग्राम भण्डारपदर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया डम्प बरामद हुआ।

सुरक्षा बलों ने डम्प की सघन तलाशी लेने पर कुल 23 हथियार बरामद किए। इनमें एक एसएलआर रायफल, एक .315 बोर रायफल, एक .410 मस्केट रायफल, छह बीजीएल लांचर, एक सिंगल शॉट रायफल, एक .315 बोर देशी कट्टा, पांच 12 बोर रायफल और सात भरमार बंदूकें शामिल हैं। इसके अलावा एसएलआर और .303 की मैगजीन भी बरामद की गई।

डम्प से एके-47, एसएलआर, इंसास, .303, .315 और 12 बोर के कुल 492 जिंदा कारतूस जब्त किए गए। साथ ही 89 बीजीएल सेल, 66 बीजीएल कार्ट्रिज, पांच देशी हैंड ग्रेनेड, 240 जिलेटिन स्टिक, 18 किलोग्राम गन पाउडर, एक्सीलेटर प्लग, टाइगर बम पटाखे तथा अन्य विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई।

इसके अतिरिक्त नक्सलियों के उपयोग की कई अन्य सामग्री भी जब्त की गई, जिनमें काली वर्दियां, मैगजीन एवं बीजीएल पाउच, कमर बेल्ट, पिट्ठू बैग, सोलर प्लेट, नीले ड्रम, मंकी कैप, वेल्डर शील्ड, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल हैं।

पुलिस ने बरामद सभी सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी है। जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटकों और अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत किया जा सके।

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!