छत्तीसगढ़

सर्पदंश से महिला की मौत, छह बच्चों के सिर से उठा मां का साया

सर्पदंश से महिला की मौत, छह बच्चों के सिर से उठा मां का साया

सुकमा। जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिंगनपाड़ गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। खेत में मिर्ची तोड़ने गई 41 वर्षीय महिला सोड़ी गंगी की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला को सांप ने एक बार नहीं, बल्कि तीन बार डसा, जिससे उसकी हालत कुछ ही देर में गंभीर हो गई और अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने मौके पर दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। सोड़ी गंगी अपने खेत में मिर्ची की फसल तोड़ने का काम कर रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक जहरीले सांप ने उन पर हमला कर दिया। सर्पदंश के बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन और ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।

ग्रामीण महेश मरकाम ने बताया कि महिला को सांप ने तीन बार काटा था। घटना इतनी अचानक हुई कि इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी जान चली गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पहले ही हो चुकी थी पति की मौत

बताया गया है कि सोड़ी गंगी के पति सोड़ी दुला का कुछ समय पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका है। अब मां की असमय मौत के बाद उनके छह बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के भविष्य को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।

प्रशासन से सहायता की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, बच्चों के पालन-पोषण तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है और उन्हें शासन की ओर से हरसंभव मदद मिलनी चाहिए।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश जैसी घटनाओं के प्रति जागरूकता और त्वरित चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!