छत्तीसगढ़

साइबर जागृति अभियान के तहत सुकमा पुलिस ने बैंकों एवं साप्ताहिक बाजारों में चलाया जागरूकता अभियान

साइबर जागृति अभियान के तहत सुकमा पुलिस ने बैंकों एवं साप्ताहिक बाजारों में चलाया जागरूकता अभियान

सुकमा। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सुकमा पुलिस द्वारा लगातार “साइबर जागृति अभियान” संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में 25 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैंकों, साप्ताहिक बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों, बैंक ग्राहकों और आम नागरिकों को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी। लोगों को समझाया गया कि थोड़ी-सी लापरवाही भी बैंक खाते खाली होने का कारण बन सकती है, इसलिए डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहना बेहद आवश्यक है।

पोलमपल्ली साप्ताहिक बाजार में ग्रामीणों को दी गई जानकारी

थाना पोलमपल्ली क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक एवं मैसेज, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी, नकली कॉल तथा OTP, PIN और पासवर्ड साझा करने के खतरों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई।

कोन्टा के विभिन्न बैंकों में चला विशेष अभियान

थाना कोन्टा क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी बैंक तथा एक्सिस बैंक इंजराम में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसडीओपी कोन्टा श्री जितेन्द्र कुम्भकार, थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद तिवारी एवं संबंधित बैंक प्रबंधकों ने बैंक ग्राहकों और ग्रामीणों को साइबर अपराध के नए तरीकों तथा सुरक्षित बैंकिंग के उपायों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान आवश्यक जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर भी दर्ज की गई।

कुकानार, किस्टाराम और मरईगुड़ा में भी चला अभियान

थाना कुकानार क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में बैंक खाताधारकों को साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए। वहीं थाना किस्टाराम क्षेत्र के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में ग्राहकों को विशेष रूप से समझाया गया कि OTP, ATM PIN, UPI PIN, CVV और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

इसी प्रकार थाना मरईगुड़ा क्षेत्र के इंडसइंड बैंक में पुलिस टीम ने लोगों को फाइनेंशियल साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं एवं डिजिटल भुगतान से जुड़े जोखिमों की जानकारी देकर सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने की सलाह दी।

तोंगपाल एवं सुकमा में बैंक ग्राहकों को किया गया जागरूक

थाना तोंगपाल क्षेत्र के ग्रामीण बैंक एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में बैंक ग्राहकों और ग्रामीणों को डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। वहीं थाना सुकमा क्षेत्र के एसबीआई बैंक सुकमा में भी साइबर जागृति अभियान चलाकर बैंक ग्राहकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए तथा कार्यक्रम की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की गई।

सुकमा पुलिस की अपील

सुकमा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी स्थिति में OTP, ATM PIN, UPI PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी निवेश, KYC अपडेट, इनाम, लॉटरी अथवा किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।

यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें अथवा निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

सुकमा पुलिस का संदेश है— “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें, साइबर अपराध से बचाव ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!