कोन्टा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 223.020 किलो गांजा, फर्जी नंबर प्लेट लगी क्रेटा कार सहित तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कोन्टा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 223.020 किलो गांजा, फर्जी नंबर प्लेट लगी क्रेटा कार सहित तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मलकानगिरी से राजस्थान ले जाया जा रहा था 223 किलो गांजा, पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ा; जब्त संपत्ति की कीमत ₹1.27 करोड़ से अधिक
संवाददाता : बालक राम यादव
कोंटा/सुकमा। सुकमा जिले की थाना कोन्टा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 223.020 किलोग्राम गांजा, एक क्रेटा कार, तीन मोबाइल फोन, नकद राशि एवं अन्य सामग्री सहित तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य ₹1,27,26,600 बताया गया है।
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह एवं मनोज तिर्की के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोन्टा प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 की रात लगभग 2 बजे विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की क्रेटा कार में मलकानगिरी (ओडिशा) से गांजा भरकर कोन्टा मार्ग से भीलवाड़ा (राजस्थान) ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना कोन्टा पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों एवं पुलिस बल के साथ कृष्ण मंदिर चौक, वार्ड क्रमांक-05 ढोंढरा में नाकाबंदी की।
सुबह करीब 9:30 बजे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 110 पैकेट अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसका इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन 223.020 किलोग्राम पाया गया। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत ₹1,11,50,000 आंकी गई।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम दुर्गा शंकर खारोल (19 वर्ष), मनीष खारोल (21 वर्ष) एवं रामदेव खारोल (23 वर्ष), निवासी जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) बताए। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, नकद राशि तथा अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार पर फर्जी नंबर प्लेट OD-02-AX-7858 लगी हुई थी, जबकि वाहन का वास्तविक पंजीयन क्रमांक RJ-02-CF-1159 है। इंजन एवं चेसिस नंबर के सत्यापन में इसकी पुष्टि हुई। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे मलकानगिरी से गांजा खरीदकर राजस्थान में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे तथा पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग करते थे।
पुलिस ने थाना कोन्टा में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 20(b)(ii)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 318(2), 340 बीएनएसएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में गांजे के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।
जप्त सामग्री
223.020 किलोग्राम अवैध गांजा (110 पैकेट)
एक क्रेटा कार
तीन मोबाइल फोन
नकद राशि
अन्य दस्तावेज एवं सामग्री
सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।




