छत्तीसगढ़

कांग्रेस और युवा कांग्रेस का सांगठनिक ढाँचा पूरी तरह ध्वस्त : भाजयुमो

कांग्रेस और युवा कांग्रेस का सांगठनिक ढाँचा पूरी तरह ध्वस्त : भाजयुमो

भाजयुमो जिलाध्यक्ष शोभन गन्दामी का आरोप – कांग्रेस में वर्चस्व की जंग ने बड़े नेताओं की आपसी खींचतान को किया बेनकाब

जो नेता कल तक भूपेश बघेल की अगुवाई में खड़े दिखाई देते थे, वही आज उनके खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं।”

सुकमा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष शोभन गन्दामी ने प्रदेश में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस तथाकथित चुनाव ने कांग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र और संगठनात्मक ढाँचे की वास्तविक स्थिति जनता के सामने उजागर कर दी है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक चुनाव के नाम पर कांग्रेस के भीतर वर्चस्व की लड़ाई खुलकर सामने आ गई है और बड़े नेताओं के बीच की खींचतान अब सार्वजनिक हो चुकी है।

श्री गन्दामी ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में गुटबाजी और अंतर्कलह इस स्तर तक पहुँच चुकी है कि जो नेता कल तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सबसे करीबी माने जाते थे, वही आज उनके समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ मैदान में उतरकर खुली चुनौती दे रहे हैं। भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव द्वारा बघेल समर्थित प्रत्याशी के विरुद्ध अपना उम्मीदवार उतारना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि कांग्रेस के भीतर सत्ता और वर्चस्व की लड़ाई चरम पर पहुँच चुकी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस दोनों में अनुशासनहीनता अपने चरम पर है। संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की आवाज़ और विचारों का कोई महत्व नहीं रह गया है तथा पूरा ढाँचा गुटबाजी और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं की भेंट चढ़ चुका है।

युवा कांग्रेस के चुनाव पर निशाना साधते हुए श्री गन्दामी ने कहा कि यह चुनाव अब आम कार्यकर्ताओं का नहीं, बल्कि धनबल और प्रभावशाली लोगों का मंच बनकर रह गया है। आर्थिक रूप से साधारण और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए इस प्रक्रिया में आगे बढ़ने की संभावनाएँ लगातार सीमित होती जा रही हैं। इससे स्पष्ट है कि युवा कांग्रेस में संगठनात्मक लोकतंत्र कमजोर पड़ चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस और युवा कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को गंभीरता से देख रही है। जिस संगठन के भीतर अनुशासन, समन्वय और संगठनात्मक एकता का अभाव हो तथा जो केवल नेताओं की आपसी खींचतान का अखाड़ा बनकर रह गया हो, वह प्रदेश के युवाओं का प्रभावी नेतृत्व करने का दावा नहीं कर सकता।

अंत में श्री गन्दामी ने कहा कि कांग्रेस का लगातार बिखरता संगठन और बढ़ती गुटबाजी इस बात का संकेत है कि पार्टी नेतृत्वहीनता, अंतर्विरोध और दिशा के अभाव से जूझ रही है, जबकि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं को राष्ट्र निर्माण, संगठन और विकास की सकारात्मक राजनीति से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!