छत्तीसगढ़

निवा दुवड़ ते’ अभियान के तहत ग्राम पोट्टेमंगू पहुंची सुकमा पुलिस, भारी बारिश के बीच ग्रामीणों से किया संवाद

‘निवा दुवड़ ते’ अभियान के तहत ग्राम पोट्टेमंगू पहुंची सुकमा पुलिस, भारी बारिश के बीच ग्रामीणों से किया संवाद

भारी बारिश और दुर्गम रास्तों के बावजूद पुलिस टीम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, बच्चों को शिक्षा के लिए किया प्रेरित

रिपोर्टर, बालक राम यादव
सुकमा। पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास, संवाद तथा सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सुकमा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “निवा दुवड़ ते” अभियान के तहत थाना किस्टाराम क्षेत्र के ग्राम पोट्टेमंगू में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रोहित शाह (भा.पु.से.) एवं श्री मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

भारी बारिश और अत्यंत दुर्गम मार्ग होने के बावजूद पुलिस टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपने दैनिक जीवन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं तथा आवश्यकताओं के बारे में पुलिस अधिकारियों से खुलकर चर्चा की। पुलिस अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि वे पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा माओवादी विचारधारा से दूर रहकर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास की मुख्यधारा से जुड़ें। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहना है।

जनसंपर्क कार्यक्रम में बच्चों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, स्कूल में उपस्थिति और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की ने बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप चॉकलेट और बिस्किट वितरित किए। बच्चों से पहाड़ा और गिनती भी पूछी गई। सही उत्तर देने वाले बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार स्वरूप चॉकलेट एवं बिस्किट देकर उत्साहित किया गया। इससे बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पुलिस से डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। पुलिस और ग्रामीण मिलकर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण तैयार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आपसी विश्वास और सहयोग से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी किस्टाराम श्री प्रदीप जान लकड़ा सहित थाना किस्टाराम का पुलिस बल उपस्थित रहा। सुकमा पुलिस का कहना है कि “निवा दुवड़ ते” अभियान के माध्यम से दूरस्थ और नक्सल प्रभावित गांवों में लगातार जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों के साथ विश्वास का रिश्ता और अधिक मजबूत किया जाएगा।

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!