थाना सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 2.780 किलोग्राम गांजा जब्त

थाना सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 2.780 किलोग्राम गांजा जब्त
रिपोर्टर, बालक राम यादव
सुकमा। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सुकमा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली सुकमा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो गांजा विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2.780 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.37 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की एवं एसडीओपी सुकमा मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने 22 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह सफलता हासिल की।
पहले मामले में 1.510 किलो गांजा बरामद
पहले प्रकरण में पुलिस को सूचना मिली कि जमील कुमार दास अपने घर के पीछे गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.510 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमील कुमार दास (42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 4, देवी चौक पटनमपारा, थाना एवं जिला सुकमा के रूप में हुई है।
दूसरे मामले में भागने की कोशिश नाकाम
दूसरे प्रकरण में पुलिस को सूचना मिली कि अखिलेश कश्यप अपने घर के पीछे गांजा बेच रहा है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी ने गांजा फेंककर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.270 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 62 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश कश्यप (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 4, देवी चौक पटनमपारा, थाना एवं जिला सुकमा के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(b) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




