छत्तीसगढ़

पुसपाल-तोंगपाल 20 किमी सड़क बदहाल, गड्ढों ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी

पुसपाल-तोंगपाल 20 किमी सड़क बदहाल, गड्ढों ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी

बारिश में हालात और बिगड़े, आए दिन दुर्घटना का खतरा; ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग।

नगर संवाददाता,शंकर मिश्रा

सुकमा। जिले के पुसपाल से तोंगपाल तक करीब 20 किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग इन दिनों पूरी तरह बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे इस मार्ग पर सफर करना लोगों के लिए किसी जोखिम से कम नहीं रह गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर गया है, जिससे सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। इसका सबसे अधिक खामियाजा दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। समय के साथ सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और अब कई हिस्से गहरे गड्ढों में तब्दील हो गए हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। सड़क पर पानी भर जाने से वाहन चालक गड्ढों का अनुमान नहीं लगा पाते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आए दिन इस मार्ग पर बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं। कई बार चारपहिया वाहन भी गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे घंटों तक आवागमन प्रभावित रहता है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी इस खराब सड़क के कारण भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली की जानकारी कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को दी गई है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो बारिश के दौरान कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

विभाग कब करेगा सड़क की मरम्मत?

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि पुसपाल-तोंगपाल मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। उनका कहना है कि यह सड़क हजारों लोगों के दैनिक आवागमन का मुख्य मार्ग है। यदि समय पर इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो लोगों की परेशानी और बढ़ेगी तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहेगा।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि बारिश समाप्त होने का इंतजार करने के बजाय तत्काल गड्ढों की भराई और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!