सुकमा में पुलिस का बलवा नियंत्रण अभ्यास, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दिया प्रशिक्षण

सुकमा में पुलिस का बलवा नियंत्रण अभ्यास, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दिया प्रशिक्षण
रिपोर्टर, बालक राम यादव
सुकमा। जिला मुख्यालय सुकमा स्थित रक्षित आरक्षी केंद्र में शुक्रवार 24 जुलाई 2026 को जिला पुलिस द्वारा ‘बलवा नियंत्रण संबंधी अभ्यास’ आयोजित किया गया। इस अभ्यास में जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF), एसटीएफ के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस परिजन तथा आम नागरिक भी शामिल हुए।
अभ्यास का संचालन सूबेदार रमेश पूरेना एवं विकास नारंग ने किया। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों, विशेषकर बड़े धरना-प्रदर्शनों एवं भारी जनसमूह के एकत्र होने जैसी स्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन तथा उपद्रवियों से संयमित एवं विधिसम्मत तरीके से निपटने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पुलिस बल को चरणबद्ध एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को किसी भी बलवा, हिंसक भीड़ अथवा कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण स्थिति में त्वरित, समन्वित, अनुशासित और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए भीड़ को नियंत्रित करने, पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बलवा नियंत्रण उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, नागरिकों एवं पुलिसकर्मियों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा तथा आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा प्रशिक्षण में मानवाधिकारों एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई करने की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस संवेदनशीलता और कानून के दायरे में रहकर प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।
अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा आम नागरिकों को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव कराया गया। कई दृश्य इतने जीवंत और प्रभावशाली रहे कि उपस्थित लोगों ने वास्तविक घटनाओं जैसा अनुभव किया। इस अभ्यास ने पुलिस बल की तत्परता, अनुशासन, समन्वय, साहस और आपदा जैसी परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।




