छत्तीसगढ़

बड़ी खबर: सुकमा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची चालक की जान, पेड़ के नीचे दबे पिकअप चालक का सुरक्षित रेस्क्यू

सुकमा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची चालक की जान, पेड़ के नीचे दबे पिकअप चालक का सुरक्षित रेस्क्यू

सम्राटनगर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक गिरा विशाल पेड़, पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से सफल बचाव अभियान

संवाददाता: बालक राम यादव
सुकमा। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम सुकमा–जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सम्राटनगर के समीप एक बड़ा हादसा हो गया। शाम लगभग 6 बजे अचानक एक विशालकाय पेड़ सड़क से गुजर रहे पिकअप वाहन (क्रमांक CG 26 J 7795) के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में वाहन चालक लखेंद्र सोढ़ी, निवासी सोढ़ीपारा, सुकमा, वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सुकमा कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। चालक के वाहन में बुरी तरह फंसे होने के कारण हाइड्रा और जेसीबी मशीन की सहायता से अत्यंत सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के तुरंत बाद घायल चालक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय सुकमा भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। समय पर की गई पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से चालक की जान बचाई जा सकी।

घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार सुकमा तथा नगर पालिका परिषद सुकमा की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में आवश्यक सहयोग दिया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बहाल करने के लिए सड़क पर गिरे विशाल वृक्ष को हटाने की कार्रवाई भी की गई।

सुकमा पुलिस ने वर्षा ऋतु के दौरान आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि तेज बारिश और हवाओं के दौरान यात्रा करते समय सावधानी रखें तथा किसी भी दुर्घटना, आपात स्थिति या प्राकृतिक आपदा की सूचना तत्काल पुलिस अथवा आपातकालीन सेवाओं को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!