सुकमा में ऑटो चालकों की बैठक आयोजित, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और सड़क सुरक्षा के दिए गए निर्देश

सुकमा में ऑटो चालकों की बैठक आयोजित, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और सड़क सुरक्षा के दिए गए निर्देश
संवाददाता, बालक राम यादव
सुकमा। नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने एवं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को थाना सुकमा में ऑटो चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद पुलिस ने विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आयोजित बैठक में नगर पालिका अधिकारी श्री विनीत गुप्ता एवं थाना प्रभारी सुकमा निरीक्षक रोशन सिंह राजपूत ने सुकमा बस स्टैंड से विभिन्न मार्गों पर संचालित ऑटो चालकों और उनके समूह के साथ चर्चा की। बैठक का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण तथा आम नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना रहा।
बैठक में ऑटो चालकों को निर्देश दिए गए कि बस स्टैंड स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के पास केवल टर्न के अनुसार तत्काल सवारी लेकर जाने वाले सीमित संख्या में ऑटो ही खड़े रहेंगे, जबकि अन्य सभी ऑटो निर्धारित पार्किंग स्थल (बस स्टैंड के पीछे) में ही खड़े किए जाएंगे।
इसके अलावा सभी चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, वाहन का वैध पंजीयन, बीमा एवं ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने, ऑटो के दोनों ओर बाहर की तरफ सवारी बैठाकर वाहन नहीं चलाने तथा शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों एवं उनके गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए चालकों को जागरूक किया। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी अथवा आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की सूचना तत्काल थाना सुकमा पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक के उपरांत थाना सुकमा पुलिस ने सुकमा–दंतेवाड़ा मार्ग पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को रोककर हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, वैध दस्तावेजों के साथ वाहन संचालन सहित अन्य यातायात नियमों के पालन के लिए समझाइश दी गई।
थाना सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध प्रवासी या आपराधिक व्यक्ति की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें। पुलिस ने कहा कि जनसहयोग से ही सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अपराधमुक्त सुकमा का निर्माण संभव है।




