मलंगेर नदी उफान पर, निर्माणाधीन पुल के ऊपर से बह रहा पानी; प्रशासन ने जारी की चेतावनी

मलंगेर नदी उफान पर, निर्माणाधीन पुल के ऊपर से बह रहा पानी; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
संवाददाता: बालक राम यादव
गादीरास/सुकमा।
लगातार हो रही बारिश के कारण सुकमा जिले के गादीरास क्षेत्र स्थित मलंगेर नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के चलते निर्माणाधीन पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी की है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नदी या नाले को पार करने का प्रयास न करें। तेज बहाव के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, इसलिए अनावश्यक रूप से नदी किनारे जाने से भी बचने की सलाह दी गई है।
अभिभावकों से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे बच्चों को नदी और नालों के आसपास न जाने दें। वहीं मछली पकड़ने, स्नान करने या सेल्फी लेने के उद्देश्य से नदी के पास जाना बेहद जोखिमपूर्ण बताया गया है।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों के समन्वय से सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यदि कहीं कोई व्यक्ति बाढ़ के पानी में फंसा हो या किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न हो, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना गादीरास अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को देने का आग्रह किया गया है।




