बड़ी खबर: डब्बारास में महिला के मकान में लगी भीषण आग, घर का पूरा सामान जलकर राख, महत्वपूर्ण दस्तावेज भी स्वाहा

डब्बारास में महिला के मकान में लगी भीषण आग, घर का पूरा सामान जलकर राख, महत्वपूर्ण दस्तावेज भी स्वाहा
रिपोर्टर: बालक राम यादव
सुकमा। जिले के ग्राम पंचायत जीरमपाल के आश्रित पारा डब्बारास में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक ग्रामीण कवासी जोगी पति स्वर्गीय श्री देवा कवासी महिला के मकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम लगभग 6 बजे ग्रामीण महिला के घर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने काफी देर तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।
ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान इस घटना में महिला के आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन से संबंधित दस्तावेज, धान, चावल, कपड़े, बर्तन तथा घर में रखी नगदी राशि 30,000 रुपये सहित रोजमर्रा के उपयोग का लगभग पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया। इससे पीड़ित महिला को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीण हरिश कवासी के अनुसार पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। ऐसे में घर का पूरा सामान जल जाने से परिवार के सामने रोजमर्रा का जीवन-यापन करना बड़ी चुनौती बन गया है। महत्वपूर्ण दस्तावेजों के नष्ट हो जाने से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अन्य आवश्यक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीण प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित महिला को तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता तथा आवश्यक दस्तावेज दोबारा बनवाने में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष श्री दिलीप पेद्दी ने भी मांग करते हुए कहा कि प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत उपलब्ध कराते हुए उचित मुआवजा देने की मांग की जा रही है।




