छत्तीसगढ़

बद्रीनारायण मीणा बने बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक, सुन्दरराज पट्टलिंगम एनआईए में संभालेंगे नई जिम्मेदारी।

बद्रीनारायण मीणा बने बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक, सुन्दरराज पट्टलिंगम एनआईए में संभालेंगे नई जिम्मेदारी।

जगदलपुर। बस्तर रेंज में पुलिस नेतृत्व परिवर्तन के तहत बुधवार, 1 जुलाई 2026 को श्री बद्रीनारायण मीणा ने बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने श्री सुन्दरराज पट्टलिंगम का स्थान लिया, जिन्हें भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जगदलपुर स्थित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित बस्तर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान आईजी श्री सुन्दरराज पट्टलिंगम ने श्री बद्रीनारायण मीणा का स्वागत करते हुए उन्हें सफल एवं सुरक्षित कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी नए नेतृत्व को भी उसी समर्पण और टीम भावना के साथ सहयोग देंगे, जैसा उन्हें अपने कार्यकाल में मिला।

इस अवसर पर श्री सुन्दरराज पट्टलिंगम ने शासन, पुलिस मुख्यालय, बस्तर की जनता, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस्तर में मिली सभी उपलब्धियां सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम हैं। उन्होंने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अभियान में शहीद हुए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया कर्मियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

उन्होंने मिशन-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन में सभी हितधारकों के सहयोग की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि श्री बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में यह अभियान और अधिक गति प्राप्त करेगा तथा बस्तर स्थायी शांति, सुरक्षा और समावेशी विकास की दिशा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

नवनियुक्त आईजी श्री बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि वे पूर्व वर्षों की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए सभी हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर बस्तर में शांति, सुरक्षा, जनविश्वास और समावेशी विकास को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!