छत्तीसगढ़

पंच पथ चौक स्थित निगम की लाइब्रेरी में न्यूज़ पेपर का इंतजार, रोज खुलती है लाइब्रेरी लेकिन टेबल रहती हैं खाली

पंच पथ चौक स्थित निगम की लाइब्रेरी में न्यूज़ पेपर का इंतजार, रोज खुलती है लाइब्रेरी लेकिन टेबल रहती हैं खाली

रिपोर्टर,दीपक प्रकाश
जगदलपुर। नगर के पंच पथ चौक स्थित नगर पालिका निगम द्वारा संचालित सार्वजनिक लाइब्रेरी इन दिनों अपनी मूल पहचान खोती नजर आ रही है। कभी विभिन्न समाचार पत्रों से सजी रहने वाली इस लाइब्रेरी में अब रोज ताला तो खुलता है, लेकिन पाठकों के लिए अखबार उपलब्ध नहीं हैं। परिणामस्वरूप यहां आने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार गिरावट देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह नगर पालिका निगम द्वारा संचालित शहर की प्रमुख सार्वजनिक लाइब्रेरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा, वरिष्ठ नागरिक और अन्य पाठक देश-प्रदेश के विभिन्न समाचार पत्र पढ़ने पहुंचते थे। एक ही स्थान पर कई अखबार उपलब्ध होने के कारण यह लाइब्रेरी शहरवासियों के लिए सूचना और ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनी हुई थी।
कई महीनों से नहीं हुआ भुगतान, एजेंसियों ने बंद की आपूर्ति
बताया जा रहा है कि नगर पालिका निगम द्वारा समाचार पत्र एजेंसियों के कई महीनों के बिलों का भुगतान नहीं किए जाने के कारण एजेंसियों ने लाइब्रेरी में अखबारों की आपूर्ति बंद कर दी है। इसका सीधा असर पाठकों पर पड़ा है। अब लाइब्रेरी में रोज दरवाजे तो खुलते हैं, लेकिन अखबारों की जगह खाली टेबलें नजर आती हैं।
पाठकों की घटी आवाजाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले सुबह से ही लाइब्रेरी में पाठकों की अच्छी-खासी भीड़ रहती थी। लोग विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से स्थानीय, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों की जानकारी लेते थे। लेकिन अखबार बंद होने के बाद अब यहां पहले जैसी चहल-पहल नहीं दिखाई देती।
मजबूरी में खुल रही लाइब्रेरी
सूत्रों के अनुसार, लाइब्रेरी का संचालन करने वाले कर्मचारी प्रतिदिन अपनी ड्यूटी निभाने के लिए लाइब्रेरी खोलते हैं, लेकिन अखबार नहीं होने से वे भी असहज स्थिति का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि नौकरी की जिम्मेदारी के कारण लाइब्रेरी नियमित रूप से खोली जा रही है, जबकि पाठकों को अपेक्षित सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
उठ रहे सवाल
नगर पालिका निगम का वार्षिक बजट करोड़ों रुपये का होने के बावजूद समाचार पत्र एजेंसियों के अपेक्षाकृत छोटे भुगतान लंबित रहने से लोगों के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं। नागरिक इसे प्रशासनिक लापरवाही, वित्तीय अव्यवस्था या उदासीनता से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं को प्रभावित करने वाली ऐसी स्थिति का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
लोगों की मांग
शहरवासियों ने नगर पालिका निगम से मांग की है कि समाचार पत्र एजेंसियों के लंबित बिलों का जल्द भुगतान किया जाए, ताकि पंच पथ चौक स्थित लाइब्रेरी में फिर से नियमित रूप से अखबार उपलब्ध हो सकें और यह सार्वजनिक पुस्तकालय अपनी पुरानी रौनक वापस पा सके।

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!