छत्तीसगढ़

Big news: सुकमा में 85 परिवारों को बेघर किए जाने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन की।

सुकमा में 85 परिवारों को बेघर किए जाने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन की।

रिपोर्टर, बालक राम यादव
सुकमा। ग्राम नकटी में 85 परिवारों के मकानों को तोड़े जाने और वर्षाकाल में उनके बेघर होने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला मुख्यालय के बस स्टैंड परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार ने बरसात के मौसम में ग्राम नकटी के 85 गरीब परिवारों के घर तोड़ दिए, जिससे दर्जनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि प्रशासन की इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के सामने रहने, भोजन और सुरक्षा का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के घरों को वर्षा ऋतु में तोड़ना बेहद अमानवीय और क्रूर कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बुलडोजर की राजनीति कर गरीबों और कमजोर वर्गों पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रभावित 85 परिवारों के पुनर्वास की तत्काल व्यवस्था की जाए, उन्हें रहने के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस, नगर कांग्रेस तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से गरीब परिवारों के हित में संवेदनशील निर्णय लेने और उन्हें शीघ्र राहत प्रदान करने की मांग की।

गौरतलब है कि ग्राम नकटी में हुई कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने इसे गरीब विरोधी कार्रवाई बताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

विडियो खबर देखिए 

 

विज्ञापन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!