दोरनापाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पिता की हत्या के आरोप में बेटे को किया गिरफ्तार

दोरनापाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पिता की हत्या के आरोप में बेटे को किया गिरफ्तार
पारिवारिक विवाद के दौरान कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से किया था हमला, न्यायालय में किया गया पेश
सुकमा। थाना दोरनापाल पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह एवं मनोज तिर्की के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी दोरनापाल निशांत पाठक के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को ग्राम दुब्बाटोटा (बोड़ींगपारा) में पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी पुनेम मल्ला (30 वर्ष) ने अपने पिता स्वर्गीय मुक्का पर कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से हमला कर दिया। हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना दोरनापाल पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 17/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य एकत्र किए तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी पुनेम मल्ला, निवासी ग्राम डुब्बाटोटा (बोड़ींगपारा), थाना दोरनापाल, जिला सुकमा को 3 अगस्त 2026 को शाम 5:10 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सुकमा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।




