शराब के नशे में बस चला रहा चालक गिरफ्तार, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।

शराब के नशे में बस चला रहा चालक गिरफ्तार, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।
संवाददाता, बालक राम यादव
कोंटा। (बस्तर समय न्यूज)सुकमा जिले के कोंटा में जनता की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यात्रियों से भरी बस को शराब के नशे में चला रहे चालक के खिलाफ थाना कोंटा पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून को कोंटा बस स्टैंड में संचालित पायल बस (क्रमांक CG-07 CM-5400) के चालक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने पर जागरूक नागरिकों ने इसकी सूचना थाना कोंटा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस को रुकवाकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
पुलिस द्वारा चालक का ब्रीथ एनालाइजर से अल्कोहल परीक्षण किया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंटा ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण में भी उसके अत्यधिक नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि हुई।
आरोपी चालक की पहचान प्रताप नायर (40 वर्ष), पिता लक्ष्मी नायर, निवासी कोरापुट (ओडिशा) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बस को तत्काल जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है। साथ ही वाहन के सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले का चालान तैयार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सुकमा के न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
सुकमा पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी चालक को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और भविष्य में भी इस प्रकार की औचक जांच एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने घटना की सूचना देने वाले जागरूक नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि आम जनता का सहयोग सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।




