आपातकालीन स्थिति में पुलिस करेगी तुरंत सहायता,डायल 112 को हरी झंडी दिखाई।

आपातकालीन स्थिति में पुलिस करेगी तुरंत सहायता,डायल 112 को हरी झंडी दिखाई।
रिपोर्टर, बालक राम यादव
सुकमा: जिला मुख्यालय सुकमा में डायल 112 सेवा का शुभारंभ।
हरी झंडी दिखाकर डायल 112 वाहन को किया गया रवाना।
अब आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता होगी और अधिक सुलभ।
छत्तीसगढ़ शासन की डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन परियोजना के अंतर्गत आज दिनांक 20/05/2026 को जिला मुख्यालय सुकमा में डायल 112 आपातकालीन सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। बस स्टैंड सुकमा में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में श्रीमान पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री किरण चव्हाण IPS,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोंटा श्री मनोज तिर्की , एसडीओपी सुकमा श्री परमेश्वर तिलकवार, नगरपालिका सुकमा अध्यक्ष श्री हूंगाराम मरकाम, पार्षदगण जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों की उपस्थिति में डायल 112 सेवा को औपचारिक रूप से प्रारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमान पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री किरण चव्हाण IPS एवं नगरपालिका अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम द्वारा डायल 112 वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया तथा आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु सेवा की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा डायल 112 सेवा को आमजन की सुरक्षा एवं त्वरित सहायता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया। इस सेवा के माध्यम से अब जिले के नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
डायल 112 सेवा के शुभारंभ से कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, दुर्घटना, विवाद, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को डायल 112 सेवा के उपयोग, कार्यप्रणाली एवं इसकी उपयोगिता के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई तथा आवश्यकता पड़ने पर निर्भीक होकर डायल 112 का उपयोग करने की अपील की गई।
मुख्य विशेषताएं
आपातकालीन स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता
आधुनिक “नेक्स्ट जेन” तकनीक आधारित सेवा
आमजन की सुरक्षा एवं त्वरित रिस्पॉन्स हेतु प्रभावी व्यवस्था
पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
डायल 112 की सुविधा जल्द ही जिला सुकमा के अन्य प्रमुख स्थानों में प्रारंभ किए जाने की योजना एवं प्रक्रिया में है।




