पोलावरम को लेकर कलेक्टर के समक्ष जताई चिंता,भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने सुकमा कलेक्टर से की शिष्टाचार भेंट,विस्थापन, धान उठाव व छठ पूजा विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा।

पोलावरम को लेकर कलेक्टर के समक्ष जताई चिंता,भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने सुकमा कलेक्टर से की शिष्टाचार भेंट,विस्थापन, धान उठाव व छठ पूजा विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा।
रिपोर्टर, बालक राम यादव
सुकमा: जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया तथा जिला पंचायत सदस्य हूंगा राम मरकाम व पूर्व जिला कोषाध्यक्ष लीलाधर राठी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने सुकमा जिले के कलेक्टर अमित कुमार से पुष्प गुच्छ भेंट कर शिष्टाचार मुलाकात की। यह भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें जिले से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं एवं जनहित के विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया ने कोंटा विकासखंड अंतर्गत पोलवरम बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजा एवं विस्थापन से जुड़ी समस्याओं को कलेक्टर महोदय के समक्ष गंभीरता से रखा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रभावित परिवार मूलभूत सुविधाओं एवं स्थायी पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। इस विषय पर शीघ्र ठोस कार्यवाही किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। इस दौरान कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि शासन के मंशानुरूप सर्वे कर उचित कारवाई की जायेगी।
इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य हूंगा राम मरकाम ने विकासखंड छिंदगढ़ के गुड़रा धान संग्रहण केंद्र में धान उठाव में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि धान का समय पर उठाव नहीं होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा बारिश के कारण फसल खराब होने की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने किसानों के हित में शीघ्र समाधान की मांग की।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद श्रीमती कांता राठी ने आगामी छठ पूजा पर्व के सफल आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं—जैसे साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा एवं घाटों की व्यवस्था—को लेकर कलेक्टर महोदय का ध्यान आकृष्ट कराया। पार्षद श्रीमती राठी ने कहा कि सुकमा जिला मुख्यालय में हर माह कुछ न कुछ बड़े आयोजन शबरी घाट पर होते रहते है। खासकर छट पूजा, कार्तिक पूर्णिमा, गणेश दुर्गा विसर्जन जैसे आयोजनों में सेंकड़ों की तादाद में भक्तजनों का जमावड़ा होता है। जिस पर कलेक्टर श्री अमित कुमार ने इस पर जल्द कार्यादेश देने की बात कही।
कलेक्टर अमित कुमार ने प्रतिनिधि मंडल द्वारा रखे गए सभी विषयों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाधान सुनिश्चित करेगा।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से क्षेत्र के नागरिकों, किसानों एवं विस्थापित परिवारों को राहत मिलेगी इस अवसर पर पूर्व जिला कोषाध्यक्ष लीलाधर राठी वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद कांता राठी भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजकुमार कश्यप प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजकुमार श्रीवाने, कोया समाज के जिला अध्यक्ष विष्णु कवासी सहित प्रतिनिधि सरपंच उपस्थित हुए।




